सहकारी बैंक में 3.38 लाख रुपये का फर्जीवाड़ा, बैंक के दो कर्मचारी और समिति अध्यक्ष गिरफ्तार

0
IMG-20261121-WA102028129.jpg


रिपोर्टर ✒️ रूपचंद राय

बिल्हा पुलिस की कार्रवाई, चेक में कूटरचना और राशि बढ़ाकर आहरण करने का आरोप; प्रार्थी की भूमिका भी जांच में आई सामने, तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

बिलासपुर । जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा बिल्हा से जुड़े सेवा सहकारी समिति मर्यादित गुमा क्रमांक 63 में चेक की राशि में काट-छांट और कूटरचना कर 3 लाख 38 हजार रुपये के कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। मामले में बिल्हा पुलिस ने बैंक के दो कर्मचारियों और सहकारी समिति के प्राधिकृत अधिकारी सह अध्यक्ष सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने आपसी मिलीभगत और आपराधिक षड्यंत्र के तहत फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अतिरिक्त राशि का आहरण किया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

चेक में काट-छांट कर बढ़ाई गई राशि

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी राजकुमार बरगाह ने 26 सितंबर 2026 को थाना बिल्हा में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि सेवा सहकारी समिति गुमा क्रमांक 63 के कार्यवाही प्रस्ताव के अनुसार तीन चेक स्वीकृत किए गए थे। इनमें 15 सितंबर 2025 को 51,900 रुपये, 14 अक्टूबर 2025 को 1,82,080 रुपये तथा 19 जुलाई 2025 को 80,150 रुपये की राशि स्वीकृत थी।

आरोप है कि हस्ताक्षर के बाद चेक में ओवरराइटिंग और कूटरचना कर स्वीकृत राशि को क्रमशः 89,900 रुपये, 2,82,080 रुपये और 2,80,150 रुपये कर दिया गया। इस तरह चेक में कुल 3 लाख 38 हजार रुपये की अतिरिक्त राशि का फर्जीवाड़ा किया गया।

जांच में बैंक कर्मचारियों की भूमिका उजागर

मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने पाया कि जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा बिल्हा के लेखापाल ऋषिकेश पाण्डेय ने कथित रूप से काट-छांट किए गए चेक को पास करने के लिए हस्ताक्षर किए। वहीं कैशियर संजय सिंह बघेल ने चेक को निरस्त करने के बजाय उसके आधार पर नकद राशि का आहरण कर भुगतान किया।

जांच में प्रार्थी राजकुमार बरगाह की भूमिका भी सामने आई। पुलिस के अनुसार कार्यवाही प्रस्ताव में की गई काट-छांट की जांच कराने की जिम्मेदारी होने के बावजूद इस संबंध में कार्रवाई नहीं की गई। तत्कालीन समिति प्रबंधक शरद कश्यप की मृत्यु के लगभग 15 दिन बाद उनके और बैंक कर्मचारियों के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई गई थी।

तीन आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए

पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 21 नवंबर 2026 को ऋषिकेश पाण्डेय (46 वर्ष), संजय सिंह बघेल (39 वर्ष) और राजकुमार बरगाह (48 वर्ष) को गिरफ्तार किया। आरोपियों के विरुद्ध थाना बिल्हा में अपराध क्रमांक 512/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 336(2)(3), 338, 340(2), 61(2) एवं 3(5) के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया है।

इस मामले में बैंक के तत्कालीन सुपरवाइजर हितेश सलूजा एवं शाखा प्रबंधक लक्ष्मण कौशिक को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों को उच्च न्यायालय से अग्रिम जमानत मिलने के बाद 21 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर जमानत मुचलके पर रिहा किया गया था।

बिल्हा पुलिस की विशेष भूमिका

उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अजय साहू, उप निरीक्षक जी.एल. चंद्राकर एवं प्रशिक्षु उप निरीक्षक आकाश कुमार की विशेष भूमिका रही। पुलिस द्वारा मामले में वैधानिक कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed