मध्यम अवधि की सोयाबीन किस्मों से प्रति हेक्टेयर 2 से 4 क्विंटल तक बढ़ सकता है उत्पादन

0
Screenshot_20261121_130702.jpg


ICAR राष्ट्रीय सोयाबीन अनुसंधान संस्थान इंदौर में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न, 18 जिलों के 36 कृषि अधिकारियों ने लिया प्रशिक्षण

इंदौर। सोयाबीन की खेती में अधिक उत्पादन और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में मध्यम अवधि में पकने वाली उन्नत किस्में महत्वपूर्ण साबित हो सकती हैं। इन किस्मों की खेती से किसान प्रति हेक्टेयर 2 से 4 क्विंटल तक अतिरिक्त उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं। यह जानकारी ICAR-राष्ट्रीय सोयाबीन अनुसंधान संस्थान, इंदौर के निदेशक डॉ. के. एच. सिंह ने तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन अवसर पर दी।

भा.कृ.अनु.प.-राष्ट्रीय सोयाबीन अनुसंधान संस्थान, इंदौर में 18 से 20 नवंबर 2026 तक सोयाबीन एवं गेहूं की उत्पादन, प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन तकनीकों पर प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें मध्य प्रदेश शासन की परियोजना से जुड़े प्रदेश के 18 जिलों के 36 कृषि अधिकारियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण का उद्देश्य अधिकारियों की तकनीकी दक्षता बढ़ाने के साथ उन्नत कृषि तकनीकों को किसानों तक पहुंचाना था।

तीन वर्षों में लगाए गए 1080 प्रदर्शन प्लॉट

यह प्रशिक्षण मध्य प्रदेश शासन के किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा वित्तपोषित परियोजना के अंतर्गत आयोजित किया गया। संस्थान द्वारा शासन के सहयोग से पिछले तीन वर्षों से मालवा एवं निमाड़ सहित प्रदेश के 18 जिलों में सोयाबीन-गेहूं फसल प्रणाली की उत्पादकता बढ़ाने के लिए कार्य किया जा रहा है।

परियोजना के तहत प्रत्येक वर्ष खरीफ में सोयाबीन के 180 और रबी में गेहूं के 180 प्रदर्शन प्लॉट किसानों के खेतों में लगाए गए। इस प्रकार तीन वर्षों में सोयाबीन के 540 और गेहूं के 540, कुल 1080 प्रदर्शन प्लॉट स्थापित किए गए।

मध्यम अवधि की किस्मों से अतिरिक्त उत्पादन की संभावना

परियोजना के अनुसंधान एवं प्रदर्शन आंकड़ों के अनुसार 100 से 105 दिनों में पकने वाली मध्यम अवधि की सोयाबीन किस्मों से शीघ्र पकने वाली किस्मों की तुलना में प्रति हेक्टेयर 2 से 4 क्विंटल तक अतिरिक्त उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है। खास बात यह है कि इन किस्मों की खेती से रबी मौसम में गेहूं की समय पर बुवाई भी प्रभावित नहीं होती और गेहूं की उत्पादकता पर प्रतिकूल असर नहीं पड़ता।

प्रदर्शनों में NRC 130, NRC 131, NRC 150, JS 21-72, NRC 142, JS 20-69 और RVS 2024 जैसी उन्नत किस्में शामिल की गईं।

सोया दूध, टोफू और कुकीज बनाने का दिया प्रशिक्षण

तीन दिवसीय प्रशिक्षण में सोयाबीन की उन्नत किस्मों, वैज्ञानिक खेती, खरपतवार नियंत्रण, कीट एवं रोग प्रबंधन, उत्पादन लागत और आर्थिक विश्लेषण की जानकारी दी गई। साथ ही सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों से कृषि तकनीकों के प्रचार-प्रसार पर भी चर्चा हुई। प्रतिभागियों को सोयाबीन से सोया दूध, सोया पनीर (टोफू), सोया कुकीज और सोया नमकीन तैयार करने की प्रसंस्करण तकनीकों का प्रदर्शन किया गया।

बीज उत्पादन को भी परियोजना में शामिल करने की तैयारी

अंतिम दिन आयोजित समीक्षा बैठक में इंदौर संभाग के संयुक्त संचालक कृषि जितेंद्र कुमार सिंह और कृषि विस्तार प्रशिक्षण केंद्र के प्राचार्य शोभाराम चौहान उपस्थित रहे। इसमें 18 जिलों के कृषि अधिकारियों ने परियोजना के अनुभव, उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजना पर विचार साझा किए।

संस्थान के निदेशक डॉ. के. एच. सिंह ने किसानों और कृषि अधिकारियों से परिस्थितियों एवं अनुशंसाओं के अनुरूप मध्यम अवधि की उन्नत किस्मों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नई किस्में प्रमुख कीट एवं रोगों के प्रति प्रतिरोधी होने के साथ प्रतिकूल मौसम में भी बेहतर उत्पादन देने की क्षमता रखती हैं।

कार्यक्रम के कोर्स डायरेक्टर डॉ. बी. यू. दुपारे ने सभी विशेषज्ञों, प्रतिभागियों और कृषि विभाग के अधिकारियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने बताया कि परियोजना के आगामी चरण में बीज उत्पादन तकनीक को शामिल करने पर विचार किया जा रहा है। इसके लिए मध्य प्रदेश शासन को विस्तृत प्रस्ताव भेजा जाएगा, ताकि किसानों को उन्नत किस्मों के गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा सके। प्रशिक्षण का समापन अधिकारियों द्वारा प्राप्त तकनीकी जानकारी किसानों तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed