मोबाइल वापस नहीं मिलने पर नाबालिग का अपहरण, सिविल लाइन पुलिस ने चंद घंटों में बालक को कराया मुक्त
रिपोर्टर ✒️ रूपचंद राय
सात आरोपी गिरफ्तार, अपहृत 16 वर्षीय बालक सुरक्षित बरामद; सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
बिलासपुर । मोबाइल वापस नहीं मिलने की बात को लेकर हुए विवाद में सात युवकों द्वारा 16 वर्षीय नाबालिग बालक को बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला सामने आया है। मामले में सिविल लाइन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट दर्ज होने के चंद घंटों के भीतर अपहृत बालक को सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस ने प्रकरण में शामिल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कस्तूरबा नगर सिंधी कॉलोनी निवासी भुवन श्रीवास ने 18 नवंबर 2026 को थाना सिविल लाइन में अपने छोटे भाई के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि वे तीन भाई हैं और उनका सबसे छोटा भाई 16 वर्ष 3 माह का है, जो कक्षा 11वीं में अध्ययनरत है। वह 17 नवंबर की शाम करीब 6:40 बजे घर से बिना बताए कहीं चला गया था। परिजनों ने आसपास तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
इस दौरान जानकारी मिली कि शेख अजिमुद्दीन उर्फ अज्जू अपने कुछ साथियों के साथ नाबालिग को लेकर गया है। शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने अपराध क्रमांक 1563/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 138, 115(2) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
एसएसपी के निर्देश पर बनाई गई पुलिस टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर को घटना से अवगत कराया गया। उनके द्वारा अपहृत बालक की तत्काल पतासाजी कर आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। निर्देशों के पालन में थाना सिविल लाइन पुलिस ने विशेष टीम गठित कर संदेही शेख अजिमुद्दीन उर्फ अज्जू की तलाश शुरू की।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि संदेही अज्जू अपने साथियों के साथ सिंधी कॉलोनी के पास घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर शेख अजिमुद्दीन उर्फ अज्जू सहित उसके साथियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर नाबालिग बालक को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
सात आरोपियों की गिरफ्तारी
पुलिस ने मामले में निम्न सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है—
- शेख अजुमुद्दीन (22 वर्ष), निवासी बाम्बे आवास, कोनी।
- शेख नजीमुद्दीन (23 वर्ष), निवासी बाम्बे आवास, कोनी।
- निखिल कुशवाहा (22 वर्ष), निवासी मसानगंज, मस्जिद गली।
- अलताफ खान (22 वर्ष), निवासी तालापारा, सकली टेंट हाउस के पास।
- शेख निशार (20 वर्ष), निवासी तालापारा, मस्जिद के पीछे।
- मोहम्मद सैफ (21 वर्ष), निवासी तालापारा, सकील टेंट हाउस के पास।
- अलताफ खान (19 वर्ष), निवासी पुरानी मस्जिद के पास।
पुलिस ने अपहृत बालक की बरामदगी के बाद आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी की और सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
सिविल लाइन पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से नाबालिग को जल्द सुरक्षित बरामद किया जा सका। मामले में पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
