गौधाम औखर में अनुदान और कर्मचारियों का वेतन अटका, अध्यक्ष ने कलेक्टर से की शिकायत

0
IMG-20261118-WA1102.jpg


रिपोर्टर ✒️ रूपचंद राय

चार माह से चरवाहा एवं PIAW कर्मचारियों को नहीं मिला वेतन, चारा विकास राशि भी लंबित; गौवंश की देखरेख प्रभावित होने की जताई चिंता

बिलासपुर । गौधाम औखर (गौधाम पंजीयन क्रमांक-02) में अनुदान, कर्मचारियों के वेतन और चारा विकास की राशि जारी नहीं होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में गौधाम के अध्यक्ष हेमंत कुमार पटेल ने कलेक्टर को शिकायत पत्र सौंपकर लंबित राशि जारी कराने और संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली की जांच कराने की मांग की है।

शिकायत में अध्यक्ष ने बताया है कि सितंबर एवं अक्टूबर 2026 का पोषण आहार अनुदान अब तक गौधाम को प्राप्त नहीं हुआ है। इसके अलावा जुलाई से अक्टूबर तक लगातार चार माह का चरवाहा एवं PIAW कर्मचारियों का वेतन भी लंबित है। चारा विकास के लिए मिलने वाली राशि भी अब तक जारी नहीं की गई है। इससे गौधाम के संचालन और व्यवस्थाओं पर असर पड़ने की स्थिति निर्मित हो रही है।

मांग पत्र पोर्टल पर अपलोड नहीं करने का आरोप

अध्यक्ष हेमंत कुमार पटेल ने शिकायत में आरोप लगाया है कि अनुदान की मांग से संबंधित आवश्यक पत्र जमा किए जाने के बावजूद उसे छत्तीसगढ़ राज्य गोसेवा आयोग, रायपुर के ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड नहीं किया गया है। इसके चलते गौधाम को मिलने वाली सहायता राशि की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है।

वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों ने काम करने से किया इनकार

अध्यक्ष के अनुसार, लगातार चार माह से वेतन नहीं मिलने के कारण चरवाहा एवं PIAW कर्मचारियों ने काम करने से मना कर दिया है। इससे गौवंश की नियमित देखरेख, चारा-पानी की व्यवस्था और गौधाम के दैनिक संचालन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। समय पर अनुदान और कर्मचारियों का वेतन नहीं मिलने से गौधाम प्रबंधन के सामने आर्थिक एवं व्यवस्थागत चुनौतियां खड़ी हो गई हैं।

कलेक्टर से तत्काल हस्तक्षेप की मांग

हेमंत कुमार पटेल ने कलेक्टर से पूरे मामले की तत्काल जांच कराने, लंबित मांग पत्र को छत्तीसगढ़ राज्य गोसेवा आयोग रायपुर के ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड कराने तथा सितंबर-अक्टूबर के पोषण आहार अनुदान, चार माह के कर्मचारियों के वेतन और चारा विकास की लंबित राशि जारी कराने की मांग की है।

अब देखना होगा कि शिकायत के बाद जिला प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और गौधाम औखर की लंबित राशि जारी कराने के लिए कितनी तत्परता से कार्रवाई की जाती है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed