रायगढ़। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने उड़ीसा से मध्यप्रदेश ले जाई जा रही करीब 300 किलोग्राम गांजा की खेप जब्त करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान दो लग्जरी वाहन और पांच मोबाइल फोन समेत कुल 1 करोड़ 86 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस अब इस अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उड़ीसा के सोनपुर क्षेत्र से गांजा की बड़ी खेप दो चारपहिया वाहनों के जरिए मध्यप्रदेश के अनूपपुर भेजी जा रही थी। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर लैलूंगा पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए विभिन्न मार्गों पर सघन नाकेबंदी शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने कटकलिया मार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।
नाकेबंदी के दौरान एक सफेद रंग की इनोवा क्रिस्टा और मारुति सुजुकी एक्सएल-6 को रोककर तलाशी ली गई। जांच में इनोवा वाहन में दोहरी नंबर प्लेट लगी हुई मिली। वाहन में ओडिशा का नंबर प्लेट OD-10-H-0050 के नीचे छत्तीसगढ़ का नंबर CG-13-BY-6540 अंकित पाया गया, जिससे पुलिस का संदेह और गहरा गया। इसके बाद दोनों वाहनों में सवार युवकों से पूछताछ कर विधिवत तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से लगभग 300 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा गांजा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही इनोवा क्रिस्टा, मारुति सुजुकी एक्सएल-6 और पांच मोबाइल फोन, जिनमें दो आईफोन भी शामिल हैं, जब्त किए गए। कुल जब्ती की कीमत लगभग 1 करोड़ 86 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने मामले में निखिल कश्यप (23 वर्ष), निवासी रामानुजगंज जिला बलरामपुर, रिंकु कश्यप (28 वर्ष), निवासी नवानगर चिरगापारा जिला सरगुजा तथा धर्मेन्द्र कुमार मौर्य (27 वर्ष), निवासी हराटोला जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ थाना लैलूंगा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) एवं 29 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में आरोपियों ने गांजा की खेप मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में अपने सहयोगियों तक पहुंचाने की जानकारी दी है। इसके आधार पर पुलिस ने पूरे नेटवर्क की पतासाजी के लिए विशेष टीम को सरगुजा और अनूपपुर रवाना किया है। पुलिस को आशंका है कि इस तस्करी गिरोह के तार कई राज्यों तक फैले हो सकते हैं।
पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए रायगढ़ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। नशे के अवैध कारोबार में शामिल तस्करों और उनके पूरे नेटवर्क के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लैलूंगा उपनिरीक्षक गिरधारी साव, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार, प्रधान आरक्षक देव कुमार राठिया, नंदू पैकरा तथा आरक्षक शशि भूषण साहू, शशि भूषण उरांव, राजू तिग्गा, चमार साय भगत और विनोद कुजूर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रायगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

