करोड़ों के ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का भंडाफोड़, 6 स्थायी वारंटी समेत 8 धराए
रायगढ़। क्रिकेट वर्ल्ड कप के दौरान ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे अंतरराज्यीय गिरोह पर रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोलकाता के एक होटल में छापा मारकर 6 स्थायी वारंटी समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में 25 मोबाइल, 3 लैपटॉप, एक टैबलेट, कैलकुलेटर और नगदी सहित करीब 6.50 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की गई है। जांच में पिछले एक माह में करोड़ों रुपए के सट्टे का लेन-देन सामने आया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जुआ-सट्टा, अवैध शराब और संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि रायगढ़ के फरार सटोरिए कोलकाता से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का नेटवर्क चला रहे हैं। इसके बाद साइबर थाना, कोतवाली और चक्रधरनगर थाना की संयुक्त टीम को रवाना किया गया।
टीम ने हावड़ा के एक होटल में दबिश देकर स्थायी वारंटी धर्मेंद्र शर्मा, शेख मोहम्मद, मोहम्मद शाहबाज, मोहम्मद मजहर, मोहम्मद फारूक और रोहित बुटानी को पकड़ा। इनके साथ अंकित सराफ और अजीत विश्वास को भी हिरासत में लिया गया है, जिनकी भूमिका की जांच जारी है।
ऑनलाइन ऐप से सट्टा संचालन
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मोबाइल के जरिए सट्टेबाजों से संपर्क कर ऑनलाइन जेएमडी क्रिकेट बेटिंग ऐप के माध्यम से दांव लगवाते थे। कमरों से सट्टे के हिसाब-किताब का पूरा रिकॉर्ड मिला है। जांच में एक महीने में करोड़ों रुपए के दांव लगाए जाने की पुष्टि हुई है।
पहले से दर्ज थे गंभीर मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वर्ष 2025 में कोतवाली और चक्रधरनगर थाना क्षेत्रों में क्रिकेट सट्टा मामलों में इन आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज हैं और न्यायालय से स्थायी वारंट जारी हो चुके थे। अब इस कार्रवाई से कोतवाली के 4 और चक्रधरनगर के 5—कुल 9 स्थायी वारंटों की तामिली हो गई है।
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने दो टूक कहा कि जुआ-सट्टा कहीं भी संचालित हो, आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। हर सटोरी को जेल भेजा जाएगा और रायगढ़ में जुआ-सट्टा पूरी तरह बंद कराया जाएगा।
पुलिस ने बताया कि गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

