संविधान दिवस समारोह का आमंत्रण देने उपमुख्यमंत्री अरुण साव से मिला संविधानोत्सव समिति का प्रतिनिधिमंडल
26 नवंबर को मुंगेली में आयोजित होगा भव्य संविधान दिवस समारोह, मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने उपमुख्यमंत्री ने दी सहमति
मुंगेली। भारतीय संविधान के प्रति सम्मान, संवैधानिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार तथा सामाजिक न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से संविधानोत्सव समिति मुंगेली द्वारा 26 नवंबर 2026 को भव्य संविधान दिवस समारोह का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए समिति के प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री अरुण साव से उनके न्यू रायपुर स्थित शासकीय आवास में सौजन्य मुलाकात कर आमंत्रण दिया।
इस दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने समिति के आमंत्रण को स्वीकार करते हुए समारोह में शामिल होने की सहमति प्रदान की। उनकी सहमति से समिति के सदस्यों में उत्साह और प्रसन्नता का माहौल है।
प्रतिनिधिमंडल में संविधानोत्सव समिति के अध्यक्ष राम डिंडोरे ‘गुरुजी’, संचालक लक्ष्मीकांत जडेजा, कोषाध्यक्ष सूर्यकांत गोयल तथा कोर कमेटी सदस्य सुनील पात्रे, जितेंद्र दिवाकर एवं शैलेश कुमार शामिल रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री को कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा, आयोजन के उद्देश्यों एवं समिति द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। समिति के सदस्यों ने बताया कि संविधान दिवस समारोह केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संविधान के मूल आदर्शों को आत्मसात करने, नागरिकों को उनके संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने और समाज में समानता एवं सामाजिक न्याय की भावना को मजबूत बनाने का प्रयास है।
राम डिंडोरे ‘गुरुजी’ के नेतृत्व में हो रही आयोजन की तैयारी
संविधानोत्सव समिति के अध्यक्ष राम डिंडोरे ‘गुरुजी’ ने बताया कि संविधान दिवस बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित संविधान सभा के सभी महान निर्माताओं के योगदान को स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर है। भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का अधिकार प्रदान करता है। इन संवैधानिक मूल्यों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
समिति द्वारा समारोह को व्यापक, गरिमामय एवं जनभागीदारीपूर्ण बनाने के लिए सामाजिक, शैक्षणिक और प्रशासनिक स्तर पर लगातार संपर्क एवं आमंत्रण का कार्य किया जा रहा है। समिति ने सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, युवाओं, विद्यार्थियों एवं संविधानप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
कलेक्ट्रेट परिसर में होगा भव्य आयोजन
26 नवंबर को आयोजित संविधान दिवस समारोह का स्थल कलेक्ट्रेट परिसर में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की आदमकद प्रतिमा के सामने, मुख्य द्वार के समीप शासकीय कन्या महाविद्यालय, करही मुंगेली निर्धारित किया गया है।
समिति ने संदेश दिया है कि संविधान केवल देश का कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है।
संविधान हमारा स्वाभिमान है, लोकतंत्र हमारी पहचान है और सामाजिक न्याय हमारा संकल्प है।
आयोजक : संविधानोत्सव समिति, मुंगेली दिनांक : 26 नवंबर 2026
