पटवारियों पर दंडात्मक कार्रवाई निरस्त करने की मांग, कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने निकाली आक्रोश रैली

0
IMG-20261118-WA1100-scaled.jpg


रिपोर्टर ✒️ रूपचंद राय

केंद्र के समान 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता और बकाया एरियर्स राशि के तत्काल भुगतान की भी उठाई मांग, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

मस्तूरी (बिलासपुर) । छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ब्लॉक मस्तूरी ने बुधवार को पटवारियों पर की गई दंडात्मक कार्रवाई के विरोध में आक्रोश रैली निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान फेडरेशन से जुड़े विभिन्न कर्मचारी संगठनों के जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारियों तथा कर्मचारियों ने एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के बाद अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मस्तूरी के माध्यम से मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

फेडरेशन ने ज्ञापन के माध्यम से दो प्रमुख मांगें शासन के समक्ष रखीं। पहली मांग में पटवारियों के आंदोलन के दौरान की गई दंडात्मक कार्रवाइयों को तत्काल निरस्त करने तथा पटवारियों की मांगों का त्वरित एवं सम्मानजनक निराकरण करने की मांग की गई। वहीं दूसरी मांग में छत्तीसगढ़ के समस्त अधिकारी-कर्मचारियों को केंद्र सरकार के समान 3 प्रतिशत लंबित महंगाई भत्ता (डीए) प्रदान करने तथा बकाया एरियर्स राशि का तत्काल भुगतान करने की मांग उठाई गई।

कर्मचारी संगठनों ने एकजुट होकर जताया विरोध

आक्रोश रैली में फेडरेशन से संबद्ध विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने पटवारियों पर की गई दंडात्मक कार्रवाई को अनुचित बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की। उनका कहना था कि कर्मचारियों की मांगों का समाधान संवाद और सम्मानजनक तरीके से किया जाना चाहिए। इसके साथ ही महंगाई भत्ते और लंबित एरियर्स के भुगतान में हो रही देरी को लेकर भी कर्मचारियों में नाराजगी देखी गई।

फेडरेशन ने शासन से आग्रह किया कि कर्मचारियों की लंबित मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र निर्णय लिया जाए, ताकि अधिकारी-कर्मचारियों में व्याप्त असंतोष दूर हो सके।

ये पदाधिकारी एवं कर्मचारी रहे उपस्थित

ज्ञापन सौंपने के दौरान छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के जिला कार्यकारी अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी-अधिकारी संघ मस्तूरी के ब्लॉक अध्यक्ष राहुल देव भारद्वाज, संयुक्त शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष सुरेन्द्र डहरिया, पेंशनर संघ के जिला अध्यक्ष राजकुमार मिश्रा, छत्तीसगढ़ दिव्यांग कर्मचारी-अधिकारी संघ मस्तूरी के ब्लॉक अध्यक्ष महेतरु मधुकर, छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष रामेश्वर राठौर सहित सुशील कैवर्त्य, मनीराम खांडेकर, प्रधानपाठक संघ मस्तूरी के ब्लॉक प्रवक्ता रंजीत बंजारे, दिलीप भूषण कुर्रे, पप्पू पाटले, श्रीमती रुक्मणी मरकाम, श्रीमती गनेशिया महिलांगे, श्रीमती सुनीता मरकाम, श्रीमती दीप्ति गुप्ता, श्रीमती पिंकी दिनेन्द्र महिलांगे एवं श्रीमती कमला उरांव सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

फेडरेशन ने शासन से दोनों प्रमुख मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपेक्षा जताई है। प्रदर्शन के माध्यम से कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि लंबित समस्याओं का निराकरण और मांगों पर सम्मानजनक पहल जरूरी है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed