श्रमिकों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना विभाग की पहली प्राथमिकता
हितग्राहियों को लाभान्वित करने अधिकारी बेहतर प्रदर्शन करें- श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन
श्रम मंत्री एवं सचिव ने विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर की समीक्षा
रायपुर । प्रदेश के श्रम, वाणिज्य एवं उद्योग तथा वाणिज्यिक कर मंत्री लखनलाल देवांगन ने आज श्रम विभाग की विभागीय बैठक लेकर जिलावार एवं योजनावार प्रदर्शन की समीक्षा की। उन्होंने विभाग के अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि श्रमिकों के कल्याण में प्रदेश सरकार द्वारा अनेक महत्वाकांक्षी व जनहितकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ दिलाना विभाग की पहली प्राथमिकता है। श्रम मंत्री ने स्पष्ट तौर पर कहा कि अधिकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में गम्भीरता दिखाएं और बेहतर प्रदर्शन करें।
महानदी मंत्रालय के भूतल स्थित समिति कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में श्रम मंत्री ने आगे कहा कि श्रमिकों के कल्याण व उनके हितों की रक्षा किस तरह से हो, इस पर अधिकारियों को विचार मंथन करने की आवश्यकता है और इसके लिए अधिकारी पूरी शिद्दत और दृढ़ संकल्प के साथ कार्य करें। साथ ही शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने जिलों से आए श्रम अधिकारियों को पंजीयन के उपरांत पात्रतानुसार अधिकांश योजनाओं का लाभ श्रमिकों को दिलाने तथा उद्योगों का नियमित निरीक्षण कर आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
श्रम विभाग के सचिव एवं श्रम आयुक्त हिमशिखर गुप्ता ने पॉवर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से सभी 33 जिले से आए श्रम अधिकारियों की योजनावार समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने ई-केवायसी, छत्तीसगढ़ लोक सेवा गारंटी अधिनियम-2011, ऑनलाइन रैण्डम निरीक्षण, विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतें एवं उनका निराकरण, बस्तर मुन्ने व नियद नेल्ला नार योजना 2.0 में विभागीय प्रगति, श्रम अन्न योजना के तहत संचालित केन्द्रों की स्थिति तथा वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट से संबंधित बिंदुओं पर सिलसिलेवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मण्डल के तहत संचालित मिनीमाना महतारी जतन योजना, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना, मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना, दीदी ई-रिक्शा योजना की प्रगति एवं क्रियान्वयन की भी जिलावार तथा योजनावार समीक्षा की।
इसी तरह उन्होंने छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मण्डल के तहत पंजीयन, वित्तीय लक्ष्य एवं प्राप्ति तथा विभिन्न योजनाओं में लाभान्वितों की जानकारी ली। इसके अलावा उपादान भुगतान अधिनियम-2012, बंधक श्रमिक पुनर्वास और बाल श्रमिक पुनर्वास नीति की प्रगति व समीक्षा की। इस अवसर पर अपर श्रमायुक्त द्वय एसएल जांगड़े एवं सविता मिश्रा, प्रभारी संचालक औद्योगिक सुरक्षा मनीष श्रीवास्तव सहित सहायक श्रमायुक्त, जिलों से आए श्रम पदाधिकारी और बीओसीडब्ल्यू व औद्योगिक सुरक्षा के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

