राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का उत्साहपूर्ण समापन, राष्ट्रीय स्तर के लिए 16 बाल वैज्ञानिक समूह चयनित
156 शोध परियोजनाओं के माध्यम से बच्चों ने दिखाई वैज्ञानिक प्रतिभा और नवाचार की क्षमता, 5 से 8 जनवरी 2027 तक नवा रायपुर में आयोजित होगी राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस
रायपुर । छत्तीसगढ़ के बाल वैज्ञानिकों की प्रतिभा, रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से आयोजित 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2026 के अंतर्गत राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का 21 नवंबर को पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर में उत्साहपूर्ण समापन हुआ। छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद द्वारा विश्वविद्यालय के सहयोग से 20 एवं 21 नवंबर को आयोजित इस दो दिवसीय आयोजन में प्रदेशभर से पहुंचे बाल वैज्ञानिकों ने अपनी शोध परियोजनाओं, नवाचारों और वैज्ञानिक मॉडलों के माध्यम से प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस राज्य स्तरीय आयोजन में कुल 156 शोध परियोजनाएं प्रस्तुत की गईं। विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के 15 विषय विशेषज्ञों ने इन परियोजनाओं का मूल्यांकन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले वरिष्ठ वर्ग के 10 एवं कनिष्ठ वर्ग के 6 सहित कुल 16 बाल वैज्ञानिक समूहों का राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया।
जिज्ञासा और सवाल पूछने की आदत ही वैज्ञानिक सोच का आधार : कुलपति
समापन समारोह को संबोधित करते हुए पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सच्चिदानंद शुक्ला ने बाल वैज्ञानिकों की प्रतिभा और वैज्ञानिक दृष्टिकोण की सराहना की। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक बनने के लिए केवल पुस्तकीय ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि आसपास की घटनाओं का बारीकी से अवलोकन करना, उनके कारणों को समझना और लगातार प्रश्न पूछना भी जरूरी है। जिज्ञासा ही नवाचार की वास्तविक आधारशिला है।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपनी सफलता का मूल्यांकन केवल प्रतियोगिता में प्राप्त स्थान से न करें। किसी समस्या को नए दृष्टिकोण से समझना, उसका समाधान खोजना और अपने विचारों को विकसित करना ही वैज्ञानिक उपलब्धि की वास्तविक शुरुआत है। उन्होंने अनुपयोगी प्लास्टिक पेन एकत्र करने के लिए बनाए गए ‘पेन बिन’ का उदाहरण देते हुए बताया कि छोटी-छोटी पहल भी पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि बाल वैज्ञानिकों को मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन देने के लिए विश्वविद्यालय के द्वार सदैव खुले हैं।
वैज्ञानिक अनुसंधान में सही प्रश्न पूछना जरूरी : प्रशांत कविश्वर
छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक प्रशांत कविश्वर ने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि विज्ञान का उद्देश्य केवल नई तकनीक विकसित करना नहीं, बल्कि समाज की समस्याओं का व्यावहारिक एवं वैज्ञानिक समाधान खोजना भी है। प्रत्येक बड़ी वैज्ञानिक खोज की शुरुआत किसी छोटे प्रश्न, जिज्ञासा अथवा समस्या से होती है।
उन्होंने बच्चों से कहा कि वे समस्याओं को समझने, उनके कारणों का विश्लेषण करने और मार्गदर्शक शिक्षकों की सहायता से वैज्ञानिक पद्धति द्वारा समाधान खोजने का प्रयास करें। अनुसंधान के दौरान निष्कर्षों का परीक्षण और उनमें निरंतर सुधार करना भी वैज्ञानिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
आज के बाल वैज्ञानिक भविष्य के बड़े आविष्कारक : डॉ. मंजू सिंह
विश्वविद्यालय के फार्मेसी विभाग की निदेशक डॉ. मंजू सिंह ने कहा कि इस आयोजन में भाग लेने वाला प्रत्येक विद्यार्थी विजेता है। बच्चों के नवीन विचारों और प्रस्तुतियों से शिक्षकों एवं विशेषज्ञों को भी बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन्हीं बाल वैज्ञानिकों में से भविष्य में प्रतिष्ठित वैज्ञानिक, बड़े आविष्कारक और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले शोधकर्ता निकलेंगे।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के रसायन अध्ययनशाला के प्रो. मोहनलाल सतनामी ने ‘फन विद फंडामेंटल ऑफ केमिस्ट्री’ विषय पर रोचक व्याख्यान दिया। उन्होंने रसायन विज्ञान की मूल अवधारणाओं को सरल एवं मनोरंजक तरीके से समझाते हुए बच्चों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
पांच महत्वपूर्ण विषयों पर आधारित थीं शोध परियोजनाएं
इस वर्ष बाल विज्ञान कांग्रेस का मुख्य विषय ‘सतत विकास के लिए विज्ञान और नवाचार’ रखा गया था। इसके अंतर्गत पांच उपविषयों पर विद्यार्थियों ने शोध कार्य प्रस्तुत किए। इनमें आर-5 के माध्यम से अपशिष्ट प्रबंधन, ई-4 के अंतर्गत ऊर्जा संबंधी खोज एवं नवाचार, जल संचयन एवं संरक्षण, भोजन-कृषि एवं स्वास्थ्य तथा सतत विकास में भारतीय ज्ञान प्रणालियों का उपयोग शामिल रहा।
विशेषज्ञों ने परियोजनाओं का मूल्यांकन करने के साथ ही विद्यार्थियों को अनुसंधान की गुणवत्ता, वैज्ञानिक निष्कर्षों और प्रभावी प्रस्तुतीकरण के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
5 से 8 जनवरी तक नवा रायपुर में होगी राष्ट्रीय प्रतियोगिता
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित 16 बाल वैज्ञानिक समूह 5 से 8 जनवरी 2027 तक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अंतरराष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी), नवा रायपुर में आयोजित होने वाली 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसके अतिरिक्त भारतीय विज्ञान कांग्रेस में भागीदारी के लिए दो बाल वैज्ञानिकों का भी चयन किया गया है।
वरिष्ठ वर्ग में बस्तर के प्रखर साहू, कुरुद की नीलिमा यादव, गरियाबंद की तामेश्वरी साहू, मनेन्द्रगढ़ के जितेंद्र विश्वकर्मा एवं मनीष श्रीवास, पत्थलगांव की इशिका पाल एवं वैभवी सोनी, दंतेवाड़ा की पल्लवी सिंह, दुर्ग के नवीन देवांगन, सूरजपुर की अनुराधा राजवाड़े एवं तुलेश्वर ध्रुव, पेंड्रा की प्रतीक्षा कुशवाहा तथा राजिम के पंकज सोनकर को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया।
वहीं कनिष्ठ वर्ग में बिलासपुर की महिमा, बलौदाबाजार के अर्पण श्रीवास, सरगुजा के नूर मोहम्मद, नारायणपुर के राधेश्याम वेरदा, दुर्ग की संपदा एवं तृषा पाणिग्रही तथा पखांजुर के पृथ्विश रंजन को सम्मानित किया गया।
समापन समारोह में विश्वविद्यालय के प्रो. केशवकांत साहू, राज्य समन्वयक डॉ. जे.के. राय, विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विषय विशेषज्ञ, जिला समन्वयक, मार्गदर्शक शिक्षक, बाल वैज्ञानिक, प्राध्यापक तथा छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के वैज्ञानिक उपस्थित रहे।
इस आयोजन ने प्रदेश के विद्यार्थियों को अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ अनुसंधान, नवाचार और समस्या समाधान की दिशा में आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया। अब चयनित बाल वैज्ञानिक राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रतिनिधित्व करेंगे।
