कोल इंडिया का पहला खान बचाव दिवस एसईसीएल में आयोजित, जसवंत सिंह गिल के अदम्य साहस को किया नमन
65 खनिकों की जान बचाने वाले महान खान बचाव नायक को दी श्रद्धांजलि, पुत्र सरप्रीत सिंह एवं पूर्व बचाव अधीक्षक पी.के. मित्रा का हुआ सम्मान
बिलासपुर /मनेन्द्रगढ़ । कोल इंडिया लिमिटेड के प्रथम खान बचाव दिवस का आयोजन 16 नवंबर 2026 को साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के हसदेव क्षेत्र अंतर्गत मनेन्द्रगढ़ स्थित खान बचाव केंद्र में किया गया। इस अवसर पर 65 खनिकों की जान बचाकर इतिहास रचने वाले महान खान बचाव नायक स्वर्गीय जसवंत सिंह गिल के अदम्य साहस, समर्पण और मानवीय सेवा को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में खान बचाव सेवाओं से जुड़े कर्मियों के योगदान को भी सम्मानित किया गया।

उल्लेखनीय है कि 16 नवंबर 1989 को पश्चिम बंगाल के रानीगंज स्थित महावीर कोलियरी में जलभराव के कारण भूमिगत खदान में 65 खनिक फंस गए थे। उस कठिन परिस्थिति में स्वर्गीय जसवंत सिंह गिल ने विशेष रूप से तैयार इस्पात के कैप्सूल की सहायता से एक-एक कर सभी 65 खनिकों को सुरक्षित बाहर निकालकर इतिहास रच दिया था। उनके इस ऐतिहासिक बचाव अभियान पर हिंदी फिल्म ‘मिशन रानीगंज’ भी बनाई गई है। इसी ऐतिहासिक घटना और खान बचाव कर्मियों के साहस को सम्मान देने के उद्देश्य से कोल इंडिया ने खान बचाव दिवस की शुरुआत की है।

कार्यक्रम में एसईसीएल के निदेशक (तकनीकी-संचालन) रमेश चंद्र महापात्र एवं कोल इंडिया लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक (सुरक्षा एवं बचाव) सी.पी. गर्ग विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान स्वर्गीय जसवंत सिंह गिल के पुत्र सरप्रीत सिंह को उनके पिता के अतुलनीय योगदान के सम्मान में विशेष रूप से सम्मानित किया गया। वहीं एसईसीएल के पूर्व अधीक्षक (बचाव) पी.के. मित्रा को भी खान बचाव सेवाओं में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह का शुभारंभ मनेन्द्रगढ़ स्थित खान बचाव केंद्र में कोल इंडिया एवं बचाव दल के ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों ने खान बचाव केंद्र में उपलब्ध बचाव उपकरणों एवं सुविधाओं का निरीक्षण किया। मुख्य समारोह में स्वर्गीय जसवंत सिंह गिल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। निदेशक (तकनीकी-संचालन) रमेश चंद्र महापात्र ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बचाव शपथ दिलाई। इस अवसर पर कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राण न्योछावर करने वाले खनिकों एवं बचाव कर्मियों की स्मृति में मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम के दौरान जोहली गांव बचाव अभियान, कोतमा भवन दुर्घटना, अंजन हिल भूमिगत खदान एवं शक्ति बोरहोल सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बचाव अभियानों पर आधारित लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। इन फिल्मों के माध्यम से खान बचाव कार्यों की चुनौतियों, कठिन परिस्थितियों और बचाव दलों की तत्परता को प्रदर्शित किया गया।
इस अवसर पर हसदेव क्षेत्र के महाप्रबंधक मनोज बिश्नोई, सुरक्षा एवं बचाव महाप्रबंधक प्रकाश राय तथा एसईसीएल मुख्यालय के महाप्रबंधक (खनन) बी. शिव कुमार ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने खान बचाव कार्यों में आने वाली चुनौतियों, आधुनिक तकनीकों के उपयोग और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियों पर प्रकाश डाला।

अपने संबोधन में निदेशक (तकनीकी-संचालन) रमेश चंद्र महापात्र ने खान बचाव दलों के साहस, समर्पण और तत्परता की सराहना की। उन्होंने कहा कि खदानों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना और किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए बचाव क्षमताओं को लगातार सुदृढ़ करना आवश्यक है।
कोल इंडिया का प्रथम खान बचाव दिवस उन कर्मवीरों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर बना, जो दूसरों की जान बचाने के लिए स्वयं जोखिम उठाते हैं। स्वर्गीय जसवंत सिंह गिल का ऐतिहासिक बचाव अभियान आने वाली पीढ़ियों के खान बचाव कर्मियों के लिए साहस, कर्तव्यनिष्ठा और मानव सेवा की प्रेरणा बना रहेगा।
