JPMorgan Chase Outage : अमेरिका के बड़े बैंकों में तकनीकी खराबी, 8.6 करोड़ ग्राहकों पर पड़ा असर, पेमेंट और ट्रांजेक्शन अटके

0
image-8-11-1024x576.jpg


Business Desk – JPMorgan Chase Outage : अमेरिका के सबसे बड़े बैंकों में शामिल जेपी मॉर्गन चेज (JPMorgan Chase) में सोमवार को तकनीकी खराबी के कारण हजारों ग्राहक परेशान हुए। ग्राहकों को ऑनलाइन अकाउंट खोलने, बैंक बैलेंस चेक करने, पेमेंट भेजने और ट्रांजेक्शन पूरा करने में दिक्कत आई। इस तकनीकी खराबी का असर बैंक ऑफ अमेरिका, यूएस बैंक, वेल्स फार्गो, कैपिटल वन और ट्रूइस्ट जैसे बैंकों के कुछ ग्राहकों पर भी पड़ा।

आउटेज ट्रैक करने वाली वेबसाइट डाउन डिटेक्टर के मुताबिक, अकेले जेपी मॉर्गन चेज के 4,700 से ज्यादा ग्राहकों ने सर्विस में दिक्कत की शिकायत की। हालांकि, बैंक की सेवाएं अब दोबारा सामान्य हो गई हैं।

पूरे मामले को 8 सवाल-जवाब में समझते हैं…

  1. जेपी मॉर्गन चेज में तकनीकी खराबी किस वजह से आई?

जेपी मॉर्गन चेज के प्रवक्ता जो इवेंजेलिस्टी ने बताया कि बैंक के अपने कंप्यूटर सर्वर सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ी आई थी। यह समस्या एक सॉफ्टवेयर बग के कारण पैदा हुई। आसान भाषा में समझें तो बैंक के डेटा सेंटर में लगे मुख्य कंप्यूटर सिस्टम के प्रोग्राम में गलती आ गई थी। इसके कारण ट्रांजेक्शन और दूसरी बैंकिंग सेवाओं में कुछ समय के लिए रुकावट आई।

  1. ट्रांजेक्शन के दौरान ग्राहकों को स्क्रीन पर क्या मैसेज दिखा?

तकनीकी खराबी के दौरान ऑनलाइन बैंकिंग इस्तेमाल करने वाले कई ग्राहकों को स्क्रीन पर एरर मैसेज दिखाई दिया। इसमें लिखा था, “कुछ सेवाएं उपलब्ध नहीं हैं। हम उन पर काम कर रहे हैं। कृपया बाद में दोबारा प्रयास करें।” इस मैसेज के कारण ग्राहक अपने कई जरूरी बैंकिंग काम पूरे नहीं कर पा रहे थे।

  1. समस्या जेपी मॉर्गन चेज में आई, तो दूसरे बैंकों पर असर कैसे पड़ा?

यह पूरे अमेरिकी बैंकिंग सिस्टम में आई खराबी नहीं थी। दूसरे बैंकों की अपनी सेवाएं सामान्य रूप से काम कर रही थीं। हालांकि, जब दूसरे बैंकों के ग्राहक जेपी मॉर्गन चेज के साथ जुड़े ट्रांजेक्शन करने की कोशिश कर रहे थे, तो उन्हें देरी और परेशानी का सामना करना पड़ा। यानी बैंक ऑफ अमेरिका और दूसरे बैंकों के ग्राहक भी कुछ इंटर-बैंक ट्रांजेक्शन में प्रभावित हुए।

  1. मनी ट्रांसफर प्लेटफॉर्म Zelle पर क्या असर हुआ?

इस तकनीकी खराबी का असर अमेरिका के मनी ट्रांसफर प्लेटफॉर्म जेले (Zelle) पर भी पड़ा। इसके जरिए पैसे भेजने और रिसीव करने वाले हजारों ग्राहकों को देरी का सामना करना पड़ा। यूएस बैंक के प्रवक्ता ने बताया कि उनके बैंक के सिस्टम सीधे प्रभावित नहीं हुए थे। हालांकि, दूसरे फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशन के साथ जेले पेमेंट भेजने या रिसीव करने वाले ग्राहकों को ट्रांजेक्शन में देरी हुई।

  1. कितने ग्राहकों ने बैंकिंग सेवाओं में दिक्कत की शिकायत की?

डाउन डिटेक्टर के आंकड़ों के मुताबिक, जेपी मॉर्गन चेज के 4,700 से ज्यादा ग्राहकों ने सर्विस में परेशानी की रिपोर्ट की। वहीं, बैंक ऑफ अमेरिका के 2,000 से ज्यादा और यूएस बैंक के 1,060 ग्राहकों ने शिकायत दर्ज कराई। इसके अलावा वेल्स फार्गो, कैपिटल वन, ट्रूइस्ट और जेले के सैकड़ों यूजर्स ने भी दोपहर के समय सेवाएं बाधित होने की शिकायत की।

  1. क्या अमेरिका में हाल के दिनों में दूसरी बड़ी तकनीकी खराबियां भी हुई हैं?

हां, बैंकिंग आउटेज से कुछ दिन पहले अमेरिका में कई दूसरी बड़ी तकनीकी समस्याएं भी सामने आई थीं। पिछले गुरुवार को माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में बड़ा आउटेज हुआ था। इससे आउटलुक, टीम्स और AI असिस्टेंट कोपायलट जैसी सेवाएं प्रभावित हुई थीं। पिछले शुक्रवार को अमेरिका के एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में तकनीकी खराबी के कारण देशभर की उड़ानों को कई घंटों तक रोकना पड़ा था। इससे वीकेंड के दौरान हवाई यातायात प्रभावित हुआ। इसके अलावा सोमवार को यूनाइटेड एयरलाइंस ने भी अपने आंतरिक सिस्टम में आई खराबी ठीक करने की जानकारी दी थी। इसके कारण उसकी कई उड़ानों के प्रस्थान में देरी हुई थी।

  1. इस तरह की तकनीकी खराबी से आम ग्राहकों को क्या नुकसान होता है?

जब किसी बड़े बैंक के सर्वर या सॉफ्टवेयर में खराबी आती है, तो ग्राहकों के रोजमर्रा के बैंकिंग काम रुक सकते हैं। बिल पेमेंट, सैलरी ट्रांसफर और इमरजेंसी में पैसे भेजने जैसे जरूरी काम अटक जाते हैं।

इसका असर सिर्फ उस बैंक के ग्राहकों तक सीमित नहीं रहता। दूसरे बैंकों के साथ इंटर-बैंक ट्रांजेक्शन जुड़े होने पर उनके ग्राहक भी प्रभावित हो सकते हैं। ऐसे में पैसे भेजने या रिसीव करने में देरी होती है और ग्राहकों को अस्थायी परेशानी उठानी पड़ती है।

  1. जेपी मॉर्गन चेज का अमेरिकी बैंकिंग सिस्टम में कितना बड़ा हिस्सा है?

जेपी मॉर्गन चेज के चेज बैंकिंग बिजनेस के पास अमेरिका में 8.6 करोड़ से ज्यादा ग्राहक हैं। बैंक की देशभर में करीब 5,000 ब्रांच हैं। इसके पास अमेरिका के कुल बैंक डिपॉजिट का 10% से ज्यादा हिस्सा है। यही वजह है कि बैंक के सिस्टम में कुछ समय के लिए आई तकनीकी खराबी का असर बड़े स्तर पर देखने को मिला।

सोशल मीडिया पर कई ग्राहकों ने शिकायत की कि उन्हें सिर्फ ऑनलाइन बैंकिंग ही नहीं, बल्कि ब्रांच में चेक कैश कराने, ATM कार्ड इस्तेमाल करने और ट्रांजेक्शन पूरा करने में भी परेशानी हुई। हालांकि, बैंक की सेवाएं अब दोबारा सामान्य हो चुकी हैं। इस घटना ने एक बार फिर दिखाया है कि बड़े बैंकिंग सिस्टम में तकनीकी खराबी आने पर लाखों ग्राहकों के रोजमर्रा के वित्तीय काम प्रभावित हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *