नेशनल हाईवे से कोयले से भरी ट्रेलर चोरी, सात घंटे में आरोपी गिरफ्तार
42.43 लाख रुपये का वाहन और कोयला बरामद, जीपीएस लोकेशन के आधार पर मदकूद्वीप चौक के पास पुलिस ने पकड़ा
मुंगेली । नेशनल हाईवे पर खड़ी कोयले से भरी 18 पहिया ट्रेलर चोरी होने के मामले में सरगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को सात घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी गई ट्रेलर और उसमें लोड 38.650 टन कोयला बरामद किया है। वाहन और कोयले की कुल कीमत 42 लाख 43 हजार 495 रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भगतराम राजपूत (24), निवासी लमती, थाना सरगांव, जिला मुंगेली के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रामखिलावन कुर्मी (48), निवासी सुकलाखार वार्ड क्रमांक 10, बाकीमोंगरा, जिला कोरबा ने 16 नवंबर को थाना सरगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी पिछले छह माह से हरदीबाजार निवासी विनय राठौर का ट्रेलर वाहन चालक है। वह 15 नवंबर को ट्रेलर क्रमांक सीजी 22 एजे 8016 में गेवरा खदान से कोयला लोड कर रायपुर स्थित वंदना प्लांट के लिए निकला था।
चाय पीकर लौटा तो गायब था ट्रेलर
बताया गया कि 16 नवंबर की सुबह करीब 6 बजे चालक ने सरगांव-पथरिया मोड़ के पास ट्रेलर खड़ा किया और पास के चाय ठेले पर चाय पीने चला गया। कुछ देर बाद जब वह वापस अपने वाहन के पास पहुंचा तो ट्रेलर वहां से गायब था। ट्रेलर में 38.650 टन कोयला लोड था। वाहन की कीमत 40 लाख रुपये और कोयले की कीमत 2 लाख 43 हजार 495 रुपये आंकी गई। इस तरह चोरी गए वाहन और कोयले की कुल कीमत 42 लाख 43 हजार 495 रुपये बताई गई।
चालक की रिपोर्ट पर सरगांव पुलिस ने अपराध क्रमांक 189/2026, धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जीपीएस लोकेशन से मिला सुराग
विवेचना के दौरान पुलिस ने ट्रेलर में लगे जीपीएस सिस्टम की लोकेशन के आधार पर वाहन की तलाश शुरू की। लोकेशन मिलने पर पुलिस टीम ने गवाहों के साथ ग्राम मदकू में घेराबंदी की। इसी दौरान मदकूद्वीप चौक के पास चोरी गया ट्रेलर पकड़ लिया गया। वाहन में मौजूद व्यक्ति से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम भगतराम राजपूत, निवासी लमती, थाना सरगांव बताया।
पुलिस के अनुसार, हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने सरगांव के पथरिया मोड़ से ट्रेलर और उसमें लोड कोयला चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद गवाहों की मौजूदगी में उसके कब्जे से कोयले सहित ट्रेलर जब्त कर लिया गया।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी
पुलिस ने आरोपी भगतराम राजपूत को 16 नवंबर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया। पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला और एसडीओपी पथरिया हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में की गई।
इस कार्रवाई में थाना सरगांव के निरीक्षक अशोक यादव, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक नवनीत नावेलकर, सहायक उपनिरीक्षक निर्मल घोष, प्रधान आरक्षक ज्वाला प्रसाद हिंडोरे, भागबली जांगड़े तथा आरक्षक पंकज निर्णेजक, अजय रावत, रिपीन बनर्जी, ओमप्रकाश कुर्रे और भंवर लाल ध्रुव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
