राज्योत्सव में उल्लेखनीय कार्य करने वाली शिक्षिका परवीन बेबी दिवाकर सम्मानित
मुख्यमंत्री गौरव अलंकरण 2026 के अंतर्गत शिक्षा दूत पुरस्कार के लिए हुआ चयन, शिक्षा में नवाचार, साहित्य और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में बना चुकी हैं विशिष्ट पहचान
मुंगेली। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित वीर शहीद धनंजय सिंह राजपूत स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह में शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, नवाचार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित मुंगेली विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय गस्तीकापा में पदस्थ सहायक शिक्षक (एलबी) श्रीमती परवीन बेबी दिवाकर को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री गौरव अलंकरण 2026 के अंतर्गत शिक्षा दूत पुरस्कार के लिए जिले से चयनित नौ शिक्षकों में उनका नाम शामिल होना मुंगेली के लिए गौरव की बात है।
श्रीमती परवीन बेबी दिवाकर ने शिक्षण कार्य को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखते हुए विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने, रचनात्मकता बढ़ाने और शिक्षा को रोचक एवं प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयास किए हैं। शिक्षा, साहित्य, सामाजिक सरोकार और नवाचार के क्षेत्र में उनके योगदान को विभिन्न स्तरों पर सराहना और सम्मान मिल चुका है।

शिक्षा में नवाचार से बनाई अलग पहचान
श्रीमती दिवाकर प्राथमिक विद्यालय गस्तीकापा, संकुल फंदवानी, विकासखंड मुंगेली में सहायक शिक्षक (एलबी) के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बच्चों की सीखने की क्षमता को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न नवाचारों और सामुदायिक सहभागिता आधारित गतिविधियों को अपनाया है।
दृष्टिबाधित बच्चों की सुविधा के लिए ऑडियो कंटेंट तैयार करने की टीम में उनके योगदान को वर्ष 2026 में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका द्वारा सम्मानित किया गया। कोरोना संक्रमण काल के दौरान जब विद्यालयों में नियमित कक्षाएं संचालित नहीं हो पा रही थीं, तब उन्होंने ऑनलाइन कक्षाओं और स्वैच्छिक ऑनलाइन मोहल्ला क्लास के माध्यम से बच्चों की पढ़ाई जारी रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस कार्य के लिए छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा उन्हें प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया।
राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय क्विज एवं टीएलएम प्रतियोगिता 2023-24 में उन्होंने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं श्री अरविंद सोसाइटी द्वारा टीचर इनोवेशन अवार्ड से सम्मानित किया जाना भी उनके शैक्षणिक नवाचारों की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
साहित्य के क्षेत्र में भी मिला सम्मान
शिक्षण के साथ-साथ श्रीमती दिवाकर साहित्यिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाती हैं। लेखन के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा टीमवर्क के लिए सम्मानित किया गया। वर्ष 2022 में उन्हें छत्तीसगढ़ नारी भूषण सम्मान प्राप्त हुआ। नीरज स्मृति छत्तीसगढ़ काव्य महोत्सव एवं विश्व हिंदी रचनाकार मंच के माध्यम से उन्हें छत्तीसगढ़ महिला रत्न सम्मान से भी नवाजा गया।
छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के नौवें प्रांतीय सम्मेलन में उन्हें ससम्मान प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। राज्य से प्रकाशित बाल साहित्य की प्रतिष्ठित पत्रिका ‘किलोल’ में उनकी रचनाएं प्रकाशित होती रही हैं। इसके अतिरिक्त बालरक्षक प्रतिष्ठान हिंदी कविता एवं लेखन समूह द्वारा प्रशस्ति-पत्र तथा अखिल भारतीय विकलांग चेतना परिषद के ‘विकलांग-विमर्श : एक अध्ययन’ कार्यक्रम में सहभागिता के लिए भी उन्हें सम्मानित किया गया।
बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विशेष पहल
श्रीमती दिवाकर का मानना है कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों में आत्मविश्वास, व्यवहारिक समझ, रचनात्मकता और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करना भी है। इसी सोच के साथ उन्होंने विद्यालय में समर कैंप, बच्चों द्वारा राखी निर्माण, सेल्फी विद सक्सेस, फाइल प्रदर्शन, हाथ धुलाई दिवस और न्योता भोज जैसी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई।
विकासखंड स्तरीय एफएलएन-टीएलएम मेले 2025 में उनकी सहभागिता रही। कबाड़ से जुगाड़ एवं टीएलएम निर्माण प्रतियोगिता 2023-24 में भी उन्होंने भाग लेकर आठवां स्थान प्राप्त किया और प्रशस्ति-पत्र हासिल किया। सारंग महोत्सव के रेडियो कार्यक्रम 2022 में साहित्यिक एवं रंगमंचीय गतिविधियों में सहभागिता के लिए भी उन्हें प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित विकासखंड स्तरीय महिला क्रिकेट प्रतियोगिता 2022 में भी उन्होंने सहभागिता निभाई।
शिक्षक प्रतिभा सम्मान से भी हुईं सम्मानित
शिक्षा और साहित्य के अलावा विभिन्न सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में उनकी सक्रियता लगातार बनी हुई है। विश्व शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षक प्रतिभा अकादमी छत्तीसगढ़ द्वारा भी उन्हें शिक्षक प्रतिभा सम्मान प्रदान किया गया। उनके कार्यों में शिक्षा के प्रति समर्पण, विद्यार्थियों के प्रति संवेदनशीलता और समाज के प्रति जिम्मेदारी की झलक दिखाई देती है।
राज्योत्सव में शिक्षा दूत पुरस्कार के लिए उनका चयन मुंगेली जिले के शैक्षणिक जगत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उनकी उपलब्धियां इस बात का उदाहरण हैं कि एक समर्पित शिक्षक अपने नवाचार, मेहनत और सकारात्मक सोच से विद्यार्थियों के जीवन में बदलाव लाने के साथ समाज को भी नई दिशा दे सकता है। उनका यह सम्मान जिले के अन्य शिक्षकों के लिए भी शिक्षा के क्षेत्र में नए प्रयोग करने और निरंतर बेहतर कार्य करने की प्रेरणा बनेगा।
