भद्राली खार में युवक की लाश मिलने से सनसनी

0
IMG-20251227-WA0356.jpg

रिपोर्टर ✒️ फलित जांगड़े

मौके पर पहुंची पुलिस, मर्ग कायम कर जांच में जुटी

मुंगेली। जिले के थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत भद्राली खार में एक युवक की लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए। शव के पास एक हीरो मोटरसाइकिल भी मिली, जिससे मामले को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तड़के सुबह ग्रामीणों ने देखा कि एक युवक अपनी बाइक के साथ बाड़ी सेमी (खेतनुमा क्षेत्र) में संदिग्ध अवस्था में पड़ा हुआ है। युवक के शरीर में कोई हलचल नहीं होने पर ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद इसकी सूचना तत्काल थाना सिटी कोतवाली मुंगेली को दी गई।

सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान अगम दास पहाड़े पिता सालिक राम पहाड़े, उम्र लगभग 30 वर्ष, निवासी कुर्मी मोहतरा, थाना लालपुर क्षेत्र के रूप में की गई है। घटनास्थल पर मृतक की हीरो मोटरसाइकिल क्रमांक CG 28 S 5188 भी मौजूद मिली।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई की और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल युवक की मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। प्रथम दृष्टया यह मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, जिसे ध्यान में रखते हुए पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। साथ ही मृतक के परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक किन परिस्थितियों में भद्राली खार तक पहुंचा।

इस घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और जांच में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed