दो पीढ़ियों के वैचारिक द्वंद्व को पर्दे पर दर्शाएगी निशु पांडेय की हिंदी लघु फिल्म ‘सरदारा 2’

0
IMG-20261121-WA0967.jpg


पारिवारिक रिश्तों, संवाद और एकजुटता का संदेश देगी फिल्म, युवाओं की दिशाहीन जिद और पारिवारिक दूरियों के दुष्परिणामों को मार्मिक अंदाज में किया जाएगा प्रस्तुत

छत्तीसगढ़ । छत्तीसगढ़ के चर्चित लेखक, निर्देशक एवं अभिनेता निशु पांडेय की हिंदी लघु फिल्म ‘सरदारा’ की सफलता के बाद अब इसका दूसरा भाग ‘सरदारा 2’ बनकर तैयार है। यह फिल्म वर्तमान पारिवारिक परिवेश, दो पीढ़ियों के बीच बढ़ते वैचारिक मतभेद, रिश्तों में आती दूरियों और आपसी संवाद की कमी जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों को केंद्र में रखकर बनाई गई है। फिल्म के माध्यम से दर्शकों को परिवार की एकजुटता, आपसी समझ और रिश्तों के महत्व का संदेश दिया जाएगा।

फिल्म के लेखक एवं निर्देशक निशु पांडेय ने बताया कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी और व्यस्त जीवनशैली के कारण परिवार के सदस्यों के बीच संवाद और आपसी जुड़ाव लगातार कम होता जा रहा है। इसका असर विशेष रूप से युवा पीढ़ी और बुजुर्गों के संबंधों पर दिखाई देता है। विचारों में अंतर और आपसी संवाद की कमी के कारण परिवारों में दूरियां बढ़ने लगती हैं। इन बढ़ती दूरियों का फायदा कई बार अनजान लोग उठाते हैं, जिससे परिवारों में नई समस्याएं उत्पन्न होती हैं।

उन्होंने बताया कि ‘सरदारा 2’ में इन्हीं परिस्थितियों को भावनात्मक और मार्मिक तरीके से प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है। फिल्म युवाओं की दिशाहीन जिद, पारिवारिक रिश्तों में विश्वास की कमी और गलत निर्णयों से जीवन में आने वाली परेशानियों को भी उजागर करेगी।

प्रमुख कलाकारों की दमदार भूमिका

छत्तीसगढ़ के नामी कलाकार निशु पांडेय की यह सातवीं हिंदी लघु फिल्म है, जबकि निर्माता एवं मुख्य अभिनेता सरदार करमजीत सिंह की यह तीसरी फिल्म है। फिल्म में सरदार करमजीत सिंह के साथ अभिनेत्री पल्लवी विश्वकर्मा प्रमुख भूमिका में नजर आएंगी।

इसके अलावा सुचित्रा मुखर्जी, साक्षी तिवारी, प्राची श्रीवास्तव, गोपा सान्याल, अर्णव पांडेय, टी. सूर्या राव, गुरनाम सिंह, प्रकाश ताम्रकार, कान्हा जी महाराज, मनीष मथानी, शारदा गुप्ता एवं बी.एस. सहगल सहित अन्य कलाकारों ने अभिनय किया है।

तकनीकी टीम ने संभाली फिल्म की जिम्मेदारी

फिल्म का लेखन एवं निर्देशन निशु पांडेय ने किया है। सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी मनमोहन तिवारी ने संभाली है, जबकि संपादन श्रीमंत बारीक ने किया है। वॉइस आर्टिस्ट के रूप में हेमंत यादव और सोनिया नायडू ने योगदान दिया है। फिल्म की डबिंग, बैकग्राउंड म्यूजिक एवं मिक्सिंग का कार्य भिलाई स्थित अप्रतिम स्टूडियो में संजीव नंदा द्वारा किया गया है।

आगे भी जारी रहेगी ‘सरदारा’ सीरीज

निशु पांडेय के अनुसार ‘सरदारा’ फिल्म सीरीज को आगे भी जारी रखने की योजना है। इसके साथ ही वे एक हिंदी फीचर फिल्म की पटकथा पर भी काम कर रहे हैं। भविष्य में इस फिल्म का निर्माण बॉलीवुड और छालीवुड के कलाकारों के साथ करने की योजना है।

‘सरदारा 2’ के माध्यम से दर्शकों को यह संदेश देने का प्रयास किया गया है कि परिवार की मजबूती केवल साथ रहने से नहीं, बल्कि एक-दूसरे को समझने, संवाद बनाए रखने और आपसी विश्वास से कायम रहती है। फिल्म सामाजिक सरोकारों के साथ पारिवारिक मूल्यों को नए अंदाज में दर्शकों के सामने प्रस्तुत करेगी।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *