26 नवंबर को मुंगेली में मनेगा भव्य संविधान दिवस समारोह, उप मुख्यमंत्री अरुण साव होंगे मुख्य अतिथि

0
IMG-20261119-WA0703-scaled.jpg


केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और विधायक पुन्नूलाल मोहले की रहेगी विशेष उपस्थिति, सतनाम भवन में होगा आयोजन

मुंगेली । संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक चेतना, सामाजिक न्याय और नागरिक अधिकारों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से संविधानोत्सव समिति मुंगेली द्वारा 26 नवंबर 2026 को भव्य संविधान दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम सतनाम भवन, मुंगेली में आयोजित होगा। आयोजन को लेकर समिति द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। समारोह में जिले के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षाविदों, युवाओं एवं नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री अरुण साव शामिल होंगे। वहीं अति विशिष्ट अतिथि के रूप में भारत सरकार के केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले करेंगे। जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में आयोजित होने वाले इस समारोह में संविधान की महत्ता, उसके मूल आदर्शों और नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों पर चर्चा की जाएगी।

प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिया जा रहा आमंत्रण

समारोह को सफल एवं गरिमामय बनाने के लिए संविधानोत्सव समिति द्वारा जिला कलेक्टर सहित विभिन्न प्रशासनिक विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आमंत्रित किया जा रहा है। विशेष रूप से शिक्षा, स्वास्थ्य, वित्त सहित अन्य विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रण दिया जा रहा है। समिति का प्रयास है कि संविधान दिवस का यह आयोजन व्यापक जनभागीदारी के साथ संपन्न हो।

संविधान के मूल आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना उद्देश्य

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य भारतीय संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाना है। साथ ही नागरिकों को उनके संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना भी इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है। संविधान केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को समानता, सम्मान और अधिकार प्रदान करने के साथ सामाजिक परिवर्तन का मजबूत आधार है।

आयोजन की तैयारियों में समिति के अध्यक्ष राम डिंडोरे, संचालक लक्ष्मीकांत जडेजा, संयोजक मेघनाथ कोशरिया, कार्यकारी अध्यक्ष नो नवरंग, कोषाध्यक्ष सूर्यकांत गोयल एवं कोर मेंबर शैलेश कुमार सहित समिति के समस्त सदस्य जुटे हुए हैं।

समिति ने की जिलेवासियों से सहभागिता की अपील

संविधानोत्सव समिति ने जिले के समस्त नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षाविदों एवं युवाओं से 26 नवंबर को सतनाम भवन में आयोजित संविधान दिवस समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। समिति का मानना है कि संविधान के प्रति जागरूकता और उसके आदर्शों का सम्मान ही एक सशक्त, समतामूलक एवं लोकतांत्रिक समाज के निर्माण का आधार है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed