बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह ने तोकापाल धान खरीदी केन्द्र का किया निरीक्षण
किसान महादेव मौर्य से चर्चा कर जानी धान खरीदी व्यवस्था की स्थिति
धान खरीदी की समुचित व्यवस्था एवं किसानों की सुविधाओं पर दिया जोर
रायपुर । कमिश्नर बस्तर संभाग डोमन सिंह ने सोमवार को बस्तर जिले के तोकापाल धान उपार्जन केन्द्र का आकस्मिक निरीक्षण कर धान खरीदी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने तौल व्यवस्था, बारदानों की उपलब्धता और धान की गुणवत्ता जांच का अवलोकन किया। साथ ही किसानों के लिए पेयजल, छायादार विश्राम स्थल एवं शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उपार्जित धान को सुरक्षित रखने के लिए उचित स्टेकिंग और तिरपाल की व्यवस्था करने भी कहा।
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने नमी मापक यंत्र से धान की नमी की जांच कराई, जो निर्धारित मानक 17 प्रतिशत से कम पाई गई। उन्होंने अधिकारियों को खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने धान विक्रय करने पहुंचे राजूर निवासी किसान महादेव मौर्य से चर्चा कर टोकन, तौल एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। किसान ने बताया कि उन्होंने 62 क्विंटल धान विक्रय के लिए ऑनलाइन टोकन प्राप्त किया था तथा केन्द्र में 57.20 क्विंटल धान का तौल कराया है। उन्होंने केन्द्र में उपलब्ध टोकन एवं तौल, पेयजल सहित अन्य व्यवस्था पर संतोष जताया।
अधिकारियों ने बताया कि तोकापाल धान खरीदी केंद्र में 914 किसान पंजीकृत हैं। किसानों को ऑनलाइन एवं ऑफलाइन टोकन की प्रक्रिया की जानकारी ग्राम पंचायत बैठकों, उचित मूल्य दुकानों और मुनादी के माध्यम से दी जा रही है। इस अवसर पर खाद्य अधिकारी घनश्याम राठौर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

