ऑपरेशन प्रहार के तहत सिटी कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन जुआ फड़ों पर दबिश देकर 11 जुआरी गिरफ्तार
करबला रोड कोदू चौक मैदान में पीपल पेड़ के नीचे स्ट्रीट लाइट की रोशनी में चल रहा था जुए का खेल, 52-52 पत्ती ताश सहित 13,360 रुपये नकद जब्त
बिलासपुर। जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग जुआ फड़ों पर दबिश दी। पुलिस ने मौके से 11 आरोपियों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तीनों फड़ों से 52-52 पत्ती ताश और कुल 13,360 रुपये नगद जब्त किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 3(2) के तहत तीन अलग-अलग अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (भा.पु.से.) ने ऑपरेशन प्रहार के तहत जुआ, सट्टा एवं आबकारी अधिनियम के मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक तोप सिंह नवरंग के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा कार्रवाई की गई।


मुखबिर से सूचना मिली कि करबला रोड स्थित कोदू चौक मैदान में पीपल के पेड़ के नीचे स्ट्रीट लाइट की रोशनी में कुछ लोग तीन अलग-अलग फड़ लगाकर रुपये-पैसों का दांव लगाते हुए जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ खेल रहे 11 लोगों को पकड़ लिया।
तीन फड़ों से अलग-अलग जब्ती
पुलिस ने तीन अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जब्ती की कार्रवाई की। पहले प्रकरण अपराध क्रमांक 679/26 में चार आरोपियों के कब्जे से 52 पत्ती ताश एवं 6,220 रुपये नगद जब्त किए गए। दूसरे प्रकरण अपराध क्रमांक 680/26 में चार आरोपियों से 52 पत्ती ताश एवं 4,100 रुपये बरामद किए गए। वहीं तीसरे प्रकरण अपराध क्रमांक 681/26 में तीन आरोपियों से 52 पत्ती ताश एवं 3,040 रुपये नगद जब्त किए गए।
इस प्रकार तीनों फड़ों से कुल 11 आरोपी गिरफ्तार किए गए तथा 156 पत्ती ताश और 13,360 रुपये नगद जब्त किए गए।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पहले प्रकरण में दिनेश प्रजापति (41), प्रहलाद प्रजापति (44), हीरा सारथी (28) एवं जय सारथी (28) को गिरफ्तार किया गया।
दूसरे प्रकरण में सद्दाम हुसैन (32), राहुल यादव (28), रामचंद प्रजापति (36) एवं ऋषि सारथी (23) पुलिस की गिरफ्त में आए।
तीसरे प्रकरण में गणेश सोनी (33), अरमान हसन (36) एवं राहुल अहिरवार (25) को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपी करबला कुम्हारपारा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने तीनों मामलों में छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 3(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार करते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई की है। ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई इस कार्रवाई से अवैध जुआ गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध पुलिस की सख्ती सामने आई है।
