जांजगीर-चांपा। जिले में कानून व्यवस्था को खुली चुनौती देने वाले बदमाशों के खिलाफ जांजगीर-चांपा पुलिस ने सख्त और आक्रामक कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। थाना शिवरीनारायण और पामगढ़ क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें गिरोह का मास्टरमाइंड रामनाथ पुलिस फायरिंग में पैर में गोली लगने से घायल हो गया। इस गिरोह ने दो रातों के भीतर पांच अलग-अलग स्थानों पर डकैती, लूटपाट और हत्या के प्रयास की वारदातों को अंजाम दिया था।
पुलिस ने अब तक इस गिरोह के 7 आरोपियों को गिरफ्तार, 2 विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया है, जबकि एक आरोपी रामनाथ को मुठभेड़ के बाद उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दो रातों में मचाया आतंक, 13 लोग घायल
पुलिस के अनुसार 27 और 29 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात थाना पामगढ़ और थाना शिवरीनारायण क्षेत्र में बदमाशों ने लगातार वारदातें कीं। सुनसान रास्तों पर राहगीरों को रोककर लोहे की रॉड, पाइप और डंडों से सिर पर जानलेवा हमले किए गए। इन घटनाओं में कुल 13 आम नागरिक घायल हुए, जिनमें से 2 की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों का इलाज बिलासपुर और रायपुर के अस्पतालों में चल रहा है, जबकि एक घायल कोमा में है।
पुलिस घेराबंदी में फायरिंग, मास्टरमाइंड घायल
नवमी आरोपी रामनाथ की घेराबंदी के दौरान उसने पुलिस पर देशी कट्टे से फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे काबू में लिया गया। पुलिस ने मौके से हथियार बरामद कर लिया है।
खतरनाक गिरोह पर शिकंजा, लाखों की जप्ती
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड, पाइप, डंडे, बेल्ट, कई मोटरसाइकिलें, स्कूटी, मोबाइल फोन और नकद राशि बरामद की है। जप्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 4 लाख 9 हजार रुपये बताई गई है।
घायलों की सूची
थाना शिवरीनारायण क्षेत्र
- मुकेश राय सागर – गंभीर, आईसीयू में भर्ती
- अमन बंजारे – गंभीर, आईसीयू में भर्ती
- दीपक कुमार कश्यप – सिर में चोट
- प्रशांत कश्यप – घायल
- अनिकेत राय सागर – सिर में चोट
- आर्यन – साधारण चोट
- सुमित बंजारे – साधारण चोट
थाना पामगढ़ क्षेत्र
- कैलाश दास मानिकपुरी
- बसंत दास
- शुभम यादव
- संजीव कुर्रे
- आशीष वानी
- सुखनंदन कश्यप
- लक्ष्मण यादव – गंभीर चोट
गिरफ्तार आरोपी
- निखिल टंडन
- मनीराम गोंड
- नरेश यादव
- रोशन टंडन
- आयुष रात्रे
6–7. दो विधि से संघर्षरत बालक - सन्नी
- रामनाथ (मुठभेड़ में घायल)
अपराध का तरीका
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह पूरी तरह संगठित और क्रूर था। आरोपी मोटरसाइकिलों से अंधेरे और सुनसान रास्तों पर घूमते, राहगीरों को रोककर सीधे सिर पर प्राणघातक वार करते और फिर मोबाइल व नकदी लूटकर फरार हो जाते थे। एक ही रात में कई लोगों पर हमला कर क्षेत्र में दहशत फैलाना इनका उद्देश्य था।
इन धाराओं में कार्रवाई
आरोपियों के खिलाफ थाना शिवरीनारायण और थाना पामगढ़ में बीएनएस की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत कई अपराध पंजीबद्ध कर सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस की सख्ती से अपराधियों में खौफ
जांजगीर-चांपा पुलिस की इस त्वरित और निर्णायक कार्रवाई से क्षेत्र में राहत का माहौल है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

